कुमाऊं विश्वविद्यालय में 18 नवम्बर को पर्यावरण संरक्षण पर एक दिवसीय कार्यशाला

 


नैनीताल, 16 नवंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में आगामी 18 नवम्बर को राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन से वित्तपोषित परियोजना के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में सूक्ष्मजीवों की उपयोगिता पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

जीव विज्ञान विभाग की ओर से राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन (एनएमएचएस) और माइक्रोबायोलॉजिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया (एमबीएसआई) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला का विषय ‘बायोरिमेडिएशन, पर्यावरणीय पुनरुद्धार एवं मानव स्वास्थ्य के लिए सूक्ष्मजीवों का उपयोग’ रखा गया है।

कार्यशाला का आयोजन डीएसबी परिसर के पुराने कला भवन के कक्ष संख्या 18 में होगा। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरणीय प्रदूषकों और उनके नियंत्रण के लिए टिकाऊ जैविक समाधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके तहत प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले सूक्ष्मजीवों की सहायता से प्रदूषित पर्यावरण के पुनरुद्धार की संभावनाओं पर जानकारी दी जाएगी। इस परियोजना में चयनित सूक्ष्मजीवों की बायोरिमेडिएशन क्षमता बढ़ाकर उत्तराखंड हिमालय के विभिन्न क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण स्थलों के पुनरुद्धार पर कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल बिष्ट, डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. संजय पंत, जीव विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार आर्य और प्रो. एचसीएस बिष्ट और वनस्पति विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं पूर्व संकायाध्यक्ष प्रो. एससी सती ंसंबोधित करेंगे। कार्यशाला के संयोजक एनएमएचएस परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ. मुकेश सामंत तथा आयोजन सचिव एमबीएसआई के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार आर्य हैं। आयोजन समिति में प्रो. ललित तिवारी, प्रो. दीपिका गोस्वामी, डॉ. हिमांशु लोहरी, डॉ. ऋषेंद्र कुमार और डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय सहित अन्य शिक्षक शामिल हैं। इच्छुक प्रतिभागी विश्वविद्यालय की ओर से जारी पंजीकरण लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी