प्रादेशिक शूटिंग प्रतियोगिता मे 31वीं पीएसी बनी चैंपियन
पौड़ी गढ़वाल, 24 अक्टूबर (हि.स.)।श्रीनगर स्थित एसएसबी केदार फायरिंग रेंज में आयोजित तीन दिवसीय 22वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी राइफल, रिवाल्वर एवं पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों और वाहिनियों की 12 टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने सटीक निशाने, अनुशासन और एकाग्रता का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक संचार पौड़ी अनूप काला ने विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना की। प्रतियोगिता के ओवरऑल राइफल शूटिंग वर्ग में आईआरबी द्वितीय ने प्रथम और 40वीं वाहिनी पीएसी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, रिवाल्वर एवं पिस्टल शूटिंग वर्ग में 31वीं वाहिनी पीएसी ने पहला और आईआरबी प्रथम ने दूसरा स्थान हासिल किया। हेड कांस्टेबल प्रशांत (31वीं पीएसी) को सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज के खिताब से नवाजा गया।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से पुलिस कर्मियों की फायरिंग दक्षता, एकाग्रता, आत्मविश्वास और कार्यकुशलता में वृद्धि होती है। प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह