वन विभाग की लीसे के साथ पकड़ा गया गुप्त केबिन युक्त ट्रक।
नैनीताल, 29 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल वन प्रभाग की मनोरा रेंज की टीम ने अवैध लीसे के परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान ट्रक में गुप्त केबिन बनाकर तस्करी किये जा रहे 270 टिन लीसा बरामद कर वाहन चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद लीसा और वाहन को कब्जे में लेकर चालक के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग के अनुसार बीती रात्रि रानीबाग बैरियर पर जांच अभियान के दौरान वाहन संख्या यूके18सीए-4432 को रोककर तलाशी ली गई। पहली नजर में वाहन खाली दिखाई दिया, लेकिन संदेह होने पर अधिकारियों ने गहन जांच की। इस दौरान वाहन के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त केबिन मिले, जिनसे 270 टिन अवैध लीसा बरामद हुआ। इसके बाद वन विभाग की टीम ने वाहन और लीसा को जब्त कर चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। विभाग ने बताया कि आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने कहा है कि वन उपज की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी