नैनीताल में सड़क दुर्घटना, खाई में गिरी कार से एक युवक की मृत्यु
नैनीताल, 04 मई (हि.स.)। जनपद मुख्यालय के निकटवर्ती पाइंस क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक थार कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक युवक की मृत्यु हो गई जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में थार वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। थार में तीन युवक सवार थे। सूचना पर पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से कठिन बचाव अभियान चलाकर तीनों घायलों को बाहर निकालकर बीडी पांडे चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हल्द्वानी निवासी 21 वर्षीय राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अरविंद सिंह (24) एवं युवराज सिंह (20) का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अरविंद सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह एवं युवराज सिंह पुत्र भरत सिंह निवासी डांगियावास जोधपुर राजस्थान अपने हल्द्वानी निवासी मित्र राहुल कुमार के साथ कैंची धाम व घोड़ाखाल मंदिर दर्शन के बाद नैनीताल आ रहे थे। राहुल की दोपहर में परीक्षा होने के कारण वे तेजी से वाहन चला रहे थे। पाइंस श्मशान घाट के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ एवं अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। सीओ सिटी अंजना नेगी, सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत तथा कोतवाल हरीश चंद्र पंत ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी