अपडेट : नैनीताल से लौट रहे पर्यटकों का वाहन खाई में गिरा: चालक सहित दो गंभीर घायल
हल्द्वानी, 23 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल से हल्द्वानी आ रहा पर्यटकों का एक वाहन ज्योलीकोट के समीप खाई में गिर गया। इस हादसे में वाहन चालक सहित दो लोग गंभीर घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। घायलों को इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है।
बृहस्पतिवार सुबह ये पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ उनके वाहन यूके 04 टीबी 3870 से काठगोदाम के लिए निकले थे। ज्योलीकोट में एक नंबर से थोड़ा आगे पहुंचने पर टैक्सी अनियंत्रित होकर लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के गोमतीनगर निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी