ढेला सफारी में एक हाथी आया जिप्सी के पास, पर्यटक हुए रोमांचित

 


रामनगर, 25 जुलाई (हि.स.)। रामनगर के ढेला पर्यटन जोन में जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों के लिए शनिवार का दिन काफी रोमांच से भरा रहा। सफारी के दौरान पर्यटकों को जंगल के घास के मैदानों और साल के जंगल में हाथियों के कई झुंड नजर आए।

वन्यजीव प्रेमियों ने बताया कि ढेला जंगल की सफारी पर्यटकों के लिए बेहद खास रही। सफारी के दौरान घास के मैदानों में हाथियों के कई झुंड शांतिपूर्वक घूमते दिखे। इसके बाद साल के जंगल में भी हाथियों का एक झुंड दिखा। इसी दौरान झुंड में शामिल एक हाथी अचानक पर्यटकों की जिप्सी की ओर बढ़ने लगा। हाथी को अपनी ओर आता देख जिप्सी सवार पर्यटकों में कुछ देर के लिए उत्साह के बीच हल्की घबराहट में दिखे।

उनके पास आया हाथी कुछ समय बाद वापस जंगल की ओर चला गया। इस दौरान पर्यटकों ने जंगल के इस अनोखे और रोमांचक पल को अपने कैमरों में कैद किया। वन्य जीवन के जानकारों के अनुसार जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखना हमेशा एक अलग अनुभव होता है। हाथियों के झुंड को बेहद करीब से प्राकृतिक रूप में विचरण करते देखना पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा।

वन्यजीव प्रेमियों के मुताबिक जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों से पर्यटकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखना चाहिए, ताकि वन्यजीवों की स्वतंत्रता और पर्यटकों की सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी