अचानक हुई बारिश से नैनी झील में नौकायन कर रहे सैलानी लौटे

 


नैनीताल, 05 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के पहाड़ों पर विशेषकर प्रकृति के स्वर्ग कही जाने वाली सरोवरनगरी में देश में मानसून के आगमन की घोषणा के पहले से ही प्री मानसून की वर्षा शुरू हो गयी है और अब तो यहां मेघ जब चाहे तब बरस जा रहे हैं। आज भी यहां अचानक अधिक संभावनाओं के बिना भी जब सुबह धूप भी निकली थी और सैलानी नैनी झील में नौकायन कर रहे थे।

साथ ही मल्लीताल में डीएसए मैदान के पास नगर के विभिन्न विभाग और स्कूली बच्चे वन विभाग की अगुवाई में विश्व पर्यावरण दिवस मनाना शुरू कर रहे थे, अचानक हल्की ओलावृष्टि के साथ बादल सावन की तरह बरस पड़े, और दोपहर तक बारिश होती रही, साथ ही काफी सुंदर व सुहावना दृश्य और मौसम बन गया।

बारिश के दौरान कुछ देर जनजीवन प्रभावित रहा, झील में मौजूद काफी संख्या में नौकाओं पर मौजूद सैलानियों को जल्दी से किनारे लौटना पड़ा। नैनी झील में नालों से काफी मात्रा में गंदगी भी पहुंची, लेकिन बारिश को मानव और प्रकृति के लिये जीवनदायिनी व लाभदायक भी बताया जा रहा है।

नैनी झील के झील नियंत्रण कक्ष के अनुसार आज सुबह 8 बजे तक 4 मिलीमीटर और इसके बाद लगभग 30 मिलीमीटर बारिश हुई और झील का का जल स्तर जो सुबह तक 78 फिट 9.5 इंच और पूर्व पैमाने के अनुसार तल्लीताल में झील की सतह से लगभग 2 फिट ऊपर था, इसमें लगभग आधे इंच की बढ़ोत्तरी बारिश के बाद हुई बतायी जा रही है। यह भी बताया गया है कि जनवरी माह से अब तक नगर में कुल वर्षा 413 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गयी थी, और अब यह आंकड़ा 450 मिमी से अधिक हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी