डीएम ने महिलाओं से जानी आजीविका की स्थिति
पौड़ी गढ़वाल, 24 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया गुरुवार को तहसील पौड़ी के राजस्व ग्राम मासौं तल्ला में क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण करने खेत में पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों के साथ कृषि कार्यों की जानकारी ली और महिलाओं से उनकी आजीविका, आय के साधनों व गांव की जरूरतों पर संवाद किया।
किसान वीरेंद्र नेगी के खेत में राजस्व टीम ने निर्धारित 30 वर्गमीटर क्षेत्र में सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग की, जिसमें 11 किलोग्राम गेहूं की उपज मिली। डीएम ने स्वयं भी गेहूं की कटाई की और महिलाओं के साथ पारंपरिक मंडाई में हाथ बंटाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
डीएम ने बताया कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसलों की औसत उत्पादकता और संभावित उत्पादन का वैज्ञानिक आकलन किया जाता है। इस दौरान ग्राम प्रधान पुष्पा नेगी और ग्रामीणों ने गांव की समस्याएं बताईं। महिलाओं ने बताया कि बच्चों के स्कूल जाने वाले पैदल मार्ग पर झाड़ियां उगने और मार्ग खराब होने से परेशानी हो रही है।
डीएम ने पैदल मार्ग की मरम्मत की स्वीकृति देते हुए झाड़ियों की सफाई के लिए तहसीलदार को अगले दिन ही बुशकटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह