टीएचडीसी इंडिया में तीन माह के सतर्कता अभियान का आगाज

 


नई टिहरी, 19 अगस्त (हि.स.)। टीएचडीसी इंडिया लि. की ओर से बुधवार को यहां भागीरथीपुरम परिसर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत तीन माह का सतर्कता अभियान शुरू हो गया। टीएचडीसी के सीजीएम आरआर सेमवाल ने दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है।

सीजीएम सेमवाल ने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्तूबर से एक नवंबर तक मनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने की अपील की। कहा पूर्वनिवारक सतर्कता उपायों से अनियमितताओं की रोकथाम के साथ कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा दिया जा सकता है। उप महाप्रबंधक (सतर्कता) डीपी गैरोला ने तीन माह के अभियान की जानकारी दी। बताया कि अभियान का उद्देश्य संस्थान की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना तथा संभावित अनियमितताओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाना है।

अभियान के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने, सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सुविधाओं के प्रभावी उपयोग, भंडार के डिजिटलीकरण एवं बेहतर प्रबंधन तथा अनुबंध प्रबंधन में नियमों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया जाएगा। इस मौके पर जीएम विजय सहगल,एसके साहू, एजीएम भगत सिंह, एपी बाजपेई, संजय पंवार, दिनेश चौहान, डीजीएम मोहन सिंह श्रीस्वाल, वरिष्ठ प्रबंधक (सतर्कता) जेपी चमोली, प्रबंधक (जनसंपर्क) मनबीर सिंह नेगी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी