खाली बर्तनो के साथ जल संस्थान में दिया धरना

 

पौड़ी गढ़वाल, 05 मई (हि.स.)। शहर की पेयजल किल्लत की समस्या पर मंगलवार को एनएसयूआई व उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने जल संस्थान के कार्यालय में खाली बर्तनो के साथ धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जल्द ही पेयजल किल्लत से निजात दिलाने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की। इस दौरान लोगो ने जल संस्थान पौड़ी की जनता को पानी दो के नारे भी लगाए। कहा कि जल्द समस्या का हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

मंगलवार को स्थानीय उपभोक्ताओं व एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने जल संस्थान कार्यालय में खाली बर्तनों के साथ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जल संस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आक्रोशित उपभोक्ताओं का कहना था कि शहर में सिर्फ एक बार पेयजल की आपूर्ति की जाती है लेकिन गर्मियां बढ़ते ही शहर में पेयजल किल्लत होने लगती है। जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

कहा कि हर बार गर्मियों में पेयजल किल्लत से उपभोक्ताओं को दो चार होना पड़ता है लेकिन प्रशासन आज तक शहर को पेयजल किल्लत से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। उन्होंने जल संस्थान से जल्द ही पेयजल किल्लत से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। कहा कि जल्द समस्या का हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव अंकित सुंदरियाल, मोहित सिंह, आशीष नेगी, सूरज बिष्ट आदि शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह