उत्तराखंड में 17 जुलाई से शुरू होगी माध्यमिक शिक्षकों की स्थानांतरण प्रक्रिया
नैनीताल, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्यों, प्रवक्ताओं एवं सहायक अध्यापकों (एलटी) के अनुरोध आधारित स्थानांतरण के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने समय-सारिणी और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टीने जारी आदेश के अनुसार उत्तराखंड लोक सेवकों के लिए वार्षिक स्थानांतरण अधिनियम-2017 की धारा 17(1)(ख) के अंतर्गत प्रथम पांच श्रेणियों में स्थानांतरण के इच्छुक कार्मिक 17 जुलाई से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन कर सकेंगे। शासन ने इस वर्ष स्थानांतरण प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए विभाग को 55 दिनों का अतिरिक्त समय भी प्रदान किया है।
विभाग ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण उत्तराखंड की निदेशक वंदना गर्ब्याल को विभागीय नोडल अधिकारी नामित किया है। उनके नेतृत्व में गठित समिति ने स्थानांतरण कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया है। विभागीय वेबसाइट पर 15 जुलाई 2026 को रिक्त पदों की सूची अपलोड की जाएगी। इसके बाद इच्छुक कार्मिक अधिकतम 10 विकल्पों के साथ अपना आवेदन संस्थाध्यक्ष के माध्यम से अग्रसारित कर 20 जुलाई की सायं 5 बजे तक संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।
इसके उपरांत खंड शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी स्तर पर आवेदन पत्रों का परीक्षण, मिलान एवं संकलन कर 30 जुलाई 2 तक अंतिम विवरण माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भेजा जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा तथा उचित माध्यम से प्राप्त न होने वाले आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे। प्रत्येक कार्मिक केवल एक ही श्रेणी के अंतर्गत स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेगा। साथ ही वेबसाइट पर प्रदर्शित रिक्तियों में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित कार्यालयाध्यक्ष को साक्ष्यों सहित तत्काल निदेशालय को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी