मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस ने तेज किया जनसंपर्क अभियान
पौड़ी गढ़वाल, 02 अगस्त (हि.स.)। विधानसभा चौबट्टाखाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण को लेकर कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। पार्टी नेताओं ने पोखड़ा और एकेश्वर विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मतदाता सूची में नामों के सत्यापन, जारी नोटिसों के समाधान और सूची की समीक्षा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए के साथ विस्तृत चर्चा की।
रविवार को आयोजित अभियान में कांग्रेस नेता राजपाल बिष्ट ने गंवाणी, सेड़ियाखाल, पोखड़ा, मेलगांव, बांसई, संगलाकोटी और रीठाखाल समेत कई गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं को सूची में अपने नाम की जांच कराने और आवश्यक त्रुटियों को समय रहते ठीक कराने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक मतदाता हैं।
हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित, शुद्ध और अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहली शर्त है। उन्होंने सभी मतदाताओं से विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मतदान अधिकार को सुरक्षित रखने की अपील की। इस मौके पर पोखड़ा ब्लाक प्रमुख संजय गुसाईं, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष विजेंद्र दर्शन रावत, पीसीसी सदस्य माया गुसांई, जिलाध्यक्ष प्रधान संगठन पंकज पोखरियाल, युवा कांग्रेस महासचिव विकास प्रधान, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जितेंद्र बिष्ट, संजय बिष्ट, बीरेंद्र रावत आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह