रोटरी क्लब श्रीनगर ने स्कूलों में दी पुस्तके

 


पौड़ी गढ़वाल, 15 जुलाई (हि.स.)। रोटरी क्लब श्रीनगर के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज केवर्स व राइंका कालेश्वर में पुस्तक भेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान दोनो स्कूलो को 103-103 बालोपयोगी, चित्रात्मक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें भेंट की गईं। क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सहयोग पौड़ी नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष कैप्टन अवतार सिंह रमोला एवं उनके नाती फ्लाइट लेफ्टिनेंट भारत सिंह रावत की स्मृति में उनके परिवार के आर्थिक सहयोग से प्रदान किया गया।

बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष अनिल ढौंडियाल ने कहा कि पढ़ने-लिखने की संस्कृति को जीवित रखना समय की आवश्यकता है। स्कूलों में पुस्तकालय तभी सार्थक होंगे जब विद्यार्थी नियमित रूप से पुस्तकों का अध्ययन करें और पुस्तकों का आदान-प्रदान निरंतर चलता रहे। कहा कि क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि एवं रचनात्मक सोच का विकास करना है।

पूर्व अध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी ने कहा कि रोटरी विश्वभर में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सेवा कार्य कर रहा है। दानदाताओं के सहयोग से हर साल कई स्कूलों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता प्रदान की जाती है। कार्यक्रम प्रभारी डा. प्रदीप अंथवाल ने कहा कि कई शोध यह सिद्ध करते हैं कि पुस्तकों का कोई विकल्प नहीं है।

अच्छी पुस्तकें व्यक्ति की सोच का विस्तार करती हैं और जीवनभर प्रेरणा देती हैं। पूर्व अध्यक्ष एसपी घिल्डियाल ने कहा कि साहित्य मनुष्य को संवेदनशील बनाता है तथा पुस्तकों से बेहतर मित्र कोई नहीं हो सकता। वरिष्ठ रोटेरियनों ने बच्चों की आयु और रुचि के अनुरूप पुस्तकों के चयन को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अपनी पसंद की पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने पर बल दिया।

इस मौके पर डा.पीएस नेगी, संजय रावत, अनीता चमोली, किशोर रोतैला, वीरेंद्र कांत बिजल्वाण, राकेश चंदोला, मनोज रावत, संजय रुडोला, पदमा रावत, बबीता, रजनी, धर्म सिंह बिष्ट, सुमन डोभाल आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह