ई-ऑफिस के माध्यम से कागजरहित कार्यप्रणाली अपनाने की दी जानकारी
पौड़ी गढ़वाल, 10 अप्रैल (हि.स.)। प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में प्रेक्षागृह, पौड़ी में ई-ऑफिस प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह पहल शासन की डिजिटल इंडिया नीति के अनुरूप कार्यालयी कार्यप्रणाली को आधुनिक तकनीक से6 जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के उपयोग हेतु दक्ष बनाना तथा उनकी कार्यक्षमता एवं उत्पादकता में वृद्धि करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ई-ऑफिस के माध्यम से कागजरहित कार्यप्रणाली अपनाने, फाइलों के त्वरित निस्तारण तथा कार्यों की ऑनलाइन निगरानी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन भट्ट द्वारा प्रशिक्षण में ई-ऑफिस के विभिन्न मॉड्यूल्स का विस्तृत प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से फाइल निर्माण, उनका ऑनलाइन संचालन, टिप्पणियों का आदान-प्रदान एवं शीघ्र निस्तारण संभव है, जिससे कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होती है।
कहा कि प्राप्त पत्रों (डाक) की ऑनलाइन डायरी/रसीद तैयार कर उसे संबंधित अधिकारी तक डिजिटल माध्यम से प्रेषित किया जा सकता है, जिससे कार्य में विलंब की संभावना समाप्त होती है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त ई-ऑफिस में दस्तावेजों का सुरक्षित भंडारण भी संभव है, जिससे अभिलेखों के रखरखाव में सरलता आती है। प्रशिक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासक (लोकल एडमिन) की भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला गया, जिसमें उपयोगकर्ताओं का निर्माण, अधिकारों का निर्धारण तथा कार्यालय संरचना को सिस्टम में स्थापित करने की प्रक्रिया समझायी गयी। साथ ही ई-ऑफिस के अन्य महत्वपूर्ण फीचर्स जैसे ई-नोटिंग, ई-डिस्पैच आदि की जानकारी भी दी।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने कहा कि प्रशासन द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला आने वाले समय में पूर्णतः डिजिटल, पारदर्शी एवं उत्तरदायी प्रशासन स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त पहल साबित होगी। इस अवसर पर स्वान प्रभारी राजेश कोली आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह