बालमणा में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार

 

पौड़ी गढ़वाल, 28 मार्च (हि.स.) बालगणा गांव में एक गुलदार पिंजरे में कैद हो गया है। यहां बीती 9 मार्च को गुलदार ने काम निपटाकर घर जा रहे एक राज मिस्त्री को निवाला बना लिया था। जिसके बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था।

ग्रामीणों ने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन के खिलाफ डीएम कार्यालय में जमकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। गुलदार के इस हमले के बाद वन विभाग की टीमें यहां डेरा डाले हुई थी। साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए 4 पिंजरे भी लगाए गए थे। गुलदार के पिंजरे में कैद हो जाने पर स्थानीय ग्रामीणों ने भी कुछ राहत की सांस ली है। गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि पिंजरे में कैद नर गुलदार की उम्र करीब 6 से 7 साल है।

शुक्रवार की रात गांव में लगाए गए पिंजरे में गुलदार कैद हुआ है। गुलदार का रेस्क्यू कर रेंज परिसर लाया गया है। बताया कि पकड़ा गया नर गुलदार 6 से 7 साल का है। गुलदार का डीएनए सेंपल लिया गया है। जिसका मिलान किए जाने पर गुलदार के हिंसक होने की पुष्टि हो पाएगी। पकड़े गए गुलदार को रेस्क्यू सेंटर भेज दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह