करीब एक करोड़ की लागत से होगा पौराणिक राज-राजेश्वरी मंदिर का सौंदर्यीकरणः कंडारी
नई टिहरी, 07 सितंबर (हि.स.)। कीर्तिनगर ब्लॉक के ग्राम पंचायत रानीहाट में पौराणिक मां राज-राजेश्वरी देवी मंदिर को और भव्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने वित्तीय स्वीकृति दी है। करीब 98.90 लाख रुपये की लागत से मंदिर में सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। विधायक विनोद कंडारी ने राज-राजेश्वरी मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
ग्रामीणों ने मंदिर के कायाकल्प की शुरुआत को क्षेत्र की धार्मिक और पर्यटन संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम बताया है। कहा लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहे इस पौराणिक मंदिर का प्रांगण विकसित होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
विधायक कंडारी ने कहा कि देवप्रयाग की पहचान यहां के पौराणिक मंदिरों, शिवालयों और धार्मिक स्थलों से जुड़ी है। इन स्थलों का संरक्षण, संवर्धन और सौंदर्यीकरण सरकार की प्राथमिकता है। कहा कि राज राजेश्वरी देवी मंदिर आने वाले समय में तीर्थाटन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। इससे स्थानीय युवाओं के रोजगार में भी वृद्धि होगी।
विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में मौजूद पौराणिक मंदिरों और शिवालयों को सुविधाओं से जोड़ते हुए उनकी धार्मिक गरिमा के अनुरूप विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। प्रयास है कि इन ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों की पहचान प्रदेश और देश के पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित हो। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र कुंवर, सोहन लाल खंडेलवाल आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी