माल रोड की धीमी निर्माण गति पर होटल एसोसिएशन नाराज

 

नैनीताल, 17 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने लोअर माल रोड के लंबे समय से चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई है। एसोसिएशन ने अपर माल रोड पर उभर रही दरारों को पर्यटन और जनसुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बताते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को आज ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि लोअर माल रोड का एक हिस्सा करीब आठ वर्षों से क्षतिग्रस्त है। पिछले एक वर्ष से अधिक समय से इसके स्थायी सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है, लेकिन निर्माण की गति बेहद धीमी है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि अभी तक कार्य पूरा होने की स्पष्ट समयसीमा भी निर्धारित नहीं की गई है।

ज्ञापन में कहा गया कि निर्माण कार्य के दौरान अपर माल रोड पर कई स्थानों पर नई दरारें दिखाई दे रही हैं। समय रहते इनकी तकनीकी जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रह सकती है। एसोसिएशन ने अपर माल रोड की तत्काल तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

एसोसिएशन का कहना है कि माल रोड पर निर्माण कार्य के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके चलते पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ऐसे में निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाना जरूरी है।

ज्ञापन के माध्यम से लोअर माल रोड का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने और अपर माल रोड की सुरक्षा स्थिति की विशेषज्ञों से जांच कराने की मांग की गई। इसके अलावा माल रोड पर धरने पर बैठे मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन और अन्य व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का भी आग्रह किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी