मतदाता सूची में नहीं चलेगी लापरवाही, सात दिन पहले देना होगा नोटिस
पौड़ी गढ़वाल, 30 जुलाई (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पौड़ी में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ), बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों को नोटिस तामीली, दस्तावेजों के सत्यापन, बीएलओ ऐप पर ऑनलाइन अपलोड, सुनवाई और प्रकरणों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
ईआरओ एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता से निभाए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मामले में सुनवाई की निर्धारित तिथि से कम से कम सात दिन पहले संबंधित मतदाता को नोटिस तामील कराया जाएगा और इसकी फोटो बीएलओ ऐप पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे तथा सभी अभिलेख समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन दर्ज करेंगे।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बीएलओ आख्या को पूरे अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि प्रत्येक रिपोर्ट तथ्यपरक, स्पष्ट और साक्ष्यों पर आधारित होनी चाहिए। सामान्य टिप्पणियों से बचते हुए हर प्रकरण के अनुसार अलग-अलग मंतव्य दर्ज किए जाएं। उन्होंने आगाह किया कि बीएलओ आख्या केवल एक बार अपलोड की जा सकती है, इसलिए तीन सदस्यीय समिति के हस्ताक्षरों और सभी दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक मिलान करने के बाद ही उसे डिजिटाइज किया जाए।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदाता सूची में आने वाली सामान्य विसंगतियों, विभिन्न आयु वर्ग के मतदाताओं के लिए आवश्यक दस्तावेजों, बीएलओ आख्या तैयार करने की प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने की विस्तृत जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, अमित बिजल्वाण, ईओ नगरपालिका संजय कुमार, तहसीलदार राजेंद्र गिरी गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह