मुख्य विकास अधिकारी ने की सीएम समेत केंद्रीय याेजनाओं की समीक्षा
नैनीताल, 19 अगस्त (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने भीमताल स्थित विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री घोषणाओं, बीस सूत्रीय कार्यक्रम तथा जिला, राज्य, केंद्र और बाह्य सहायतित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नैनीताल की विशेष पहचान को बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, मुख्यमंत्री घोषणाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें और अक्टूबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखें।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं में विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री घोषणा की 237 योजनाओं में से 127 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 94 पर कार्य जारी है और लोक निर्माण विभाग की 13 घोषणाएं अभी लंबित हैं। उन्होंने कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास, सहकारिता, सिंचाई, मत्स्य, बाल विकास, पशुपालन और रीप विभागों को ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार प्रथम चरण में 80 गांवों में किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए तारबाड़ लगाने का कार्य समय पर पूरा करने को कहा। बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा में उन्होंने 30 विभागों को ए श्रेणी की स्थिति बनाए रखने तथा बी और सी श्रेणी के विभागों को लक्ष्य पूरा कर ए श्रेणी में आने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला योजना की धनराशि का लगभग 28 प्रतिशत, राज्य योजना का 45 प्रतिशत और केंद्र योजनाओं का लगभग 60 प्रतिशत व्यय हो चुका है।
बैठक में उन्होंने लंबित निविदा प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने, अक्टूबर तक सभी सड़कों पर आवश्यक हॉटमिक्स कार्य कराने और 15 सितंबर तक पौधरोपण का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी