जिला निर्वाचन कार्यालय नैनीताल को स्थानांतरित करने की खबरों काे प्रशासन ने बताया अफवाह

 




नैनीताल, 31 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल के उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने जिला निर्वाचन कार्यालय नैनीताल को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने संबंधी खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि कार्यालय को कहीं और स्थानांतरित करने की न तो वर्तमान में कोई योजना है और न ही भविष्य में ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन है।

विवेक राय ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) तथा वर्ष 2027 के विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन एवं मतदाता सत्यापन पर्ची मुद्रण मशीन (ईवीएम-वीवीपैड) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कराई जा रही है। इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय से सीमित संख्या में कुर्सियां, मेज, आलमारियां तथा एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में सुरक्षित रखी निर्वाचन सामग्री को अस्थायी रूप से सरस मार्केट, हल्द्वानी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी का मूल कार्यालय तल्लीताल नैनीताल में पूर्ववत संचालित हो रहा है और उसके स्थानांतरण की कोई योजना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी