शिक्षा नगरी नैनीताल के विभिन्न विद्यालयों में उत्साहपूर्वक मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

 






नैनीताल, 15 अगस्त (हि.स.)। शिक्षा नगरी नैनीताल के विभिन्न विद्यालयों में 80वां स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतियोगिताओं और खेल आयोजनों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

लॉन्ग व्यू पब्लिक विद्यालय में जबकि कैलाश हाउस और कंचनजंगा हाउस ने प्रमुख प्रतियोगिताओं में बाजी मारी। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और भाषण प्रस्तुत किए। अंतर सदन स्वतंत्रता दिवस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कैलाश हाउस विजेता रहा, जबकि विशेष आकर्षण रहे ‘रंग-ए-आजादी’ आयोजन में भाषण, अभिनय, परिधान प्रदर्शन, त्वरित प्रश्नोत्तरी, नृत्य और चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कंचनजंगा हाउस ने खिताब अपने नाम किया। अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में टीम पटेल विजेता रही। प्रधानाचार्य भुवन त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि डॉ. प्रीति मोदी की उपस्थिति में कार्यक्रम का समापन “हम सब भारतीय हैं” के सामूहिक गायन और “वंदे मातरम” के उद्घोष के साथ हुआ।

इसी तरह नगर के रामा मांटेसरी विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में बच्चों ने महात्मा गांधी सहित अन्य राष्ट्र नायकों व सैनिकों के रूप में देशभक्ति के कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलू एलहेंस व हिमानी साह सहित समस्त शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं। इधर नगर पालिका द्वारा संचालित नर्सरी विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रध्वज के आरोहण के साथ बच्चों ने कुमाऊं विवि के आईपीईपी के योगिता ध्यानी, हिमानी सुयाल, बीना पनेरू, कृतिका जोशी, दिया बोरा, मीनाक्षी पलड़िया के द्वारा तैयार देशभक्ति गीत गाये एवं नृत्य प्रस्तुत किये। मिष्ठान्न वितरण भी किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, सभासद पूरन बिष्ट, अमन महाजन, बीना जोशी, प्रदीप जेठी, नोटरी क्लब के सदस्य, अभिभावक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

वहीं कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और एनसीसी के गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। संचालन करते हुए वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव और भारतीयों की पहचान का प्रतीक है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत ने सभी का आभार व्यक्त किया। केपी छात्रावास की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जबकि एएनओ डॉ. रितेश साह के नेतृत्व में 5 नेवल एनसीसी के कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर और एनसीसी गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में प्राध्यापक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी