टिहरी पुलिस ने शराब की खेप के साथ चार को दबोचा
नई टिहरी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। नशा और मादक पदार्थो की तस्रकी रोकने के लिए टिहरी पुलिस की ओर से संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब के कारोबार पर ताबड़तोड़ एक्शन किया गया है। पिछले 24 घंटे में पुलिस ने 4 मामलों में 4 अभियुक्तों को शराब की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं दो वाहनों को सीज किया गया है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को नशे के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिसके क्रम में चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। बताया कि जिलेभर में चार मामलों में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 46 पेटी अंग्रेजी शराब, 10 पेटी बीयर सहित 80 टेट्रा पाउच अवैध देशी शराब बरामद की गई। घनसाली थाना पुलिस ने चमियाला में वाहन चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन से 32 पेटी क्वार्टर, 6 पेटी अद्दे और 10 पेटी बीयर बरामद की गई।
मौके से वाहन चालक रविंद्र बिष्ट पुत्र बलबीर बिष्ट निवासी कस्बा डुंडा, जनपद उत्तरकाशी को वाहन सहित गिरफ्तार किया है। वहीं देवप्रयाग कोतवाली की चौकी बछेलीखाल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कार से चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब की 6 पेटियां बरामद कर जोत सिंह बिष्ट पुत्र रंजीत बिष्ट निवासी ग्राम गुराई देवप्रयाग को गिरफ्तार किया गया। जबकि चंबा कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान सुरेश पुत्र देवदास निवासी ग्राम सेमल्टा चंबा को 2 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं मुनिकीरेती थाना पुलिस ने ढालवाला क्षेत्र के शांति नगर में कार्रवाई के दौरान सकुंती देवी पत्नी किशन साहनी निवासी मायाकुंड ऋषिकेश को 80 टेट्रा पाउच देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी