नैनीताल क्लब में स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के दौरान करंट लगने से तकनीशियन की मौत

 


नैनीताल, 20 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल स्थित राज्य अतिथि गृह-नैनीताल क्लब परिसर में रविवार को स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के दौरान करंट लगने से एक तकनीशियन की मौत हो गई। करंट लगने के बाद वह बिजली के पोल से चिपकने के बाद नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 32 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र बनवारी लाल, निवासी वार्ड संख्या-8, रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। नगर कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि महेंद्र सिंह विद्युत विभाग के माध्यम से संविदा पर नियुक्त थे और नैनीताल क्लब की विद्युत व्यवस्थाओं के लिए तैनात थे।

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह महेंद्र राज्य अतिथि गृह परिसर की चारदीवारी के समीप स्ट्रीट लाइट की खराबी दूर करने के लिए बिजली बंद कर पोल पर चढ़े थे। बताया जा रहा है कि तार जोड़ने के बाद उन्होंने बिजली आपूर्ति शुरू कराई, लेकिन इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और पोल पर ही चिपक गए। इसके बाद तत्काल बिजली आपूर्ति दोबारा बंद कराई गई, जिसके बाद वह नीचे गिर पड़े। सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय उन्होंने सुरक्षा दस्ताने नहीं पहने थे। हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।

मृतक का भाई रामपुर से नैनीताल के लिए रवाना हो गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी