ट्रचिंग ग्राउंड से हटेगा लाखों मीट्रिक टन कूड़ा, निगम ने शुरू की सफाई

 


हल्द्वानी , 16 जून (हि.स.)। कुमाऊं के सबसे बड़े नगर निगम ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा लाखों मीट्रिक टन कूड़े के निस्तारण की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। नगर निगम ने पुराने और नए कूड़े के प्रबंधन के लिए दो अलग-अलग टेंडर जारी कर काम शुरू कर दिया है।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन आने वाले कूड़े का अलग से निस्तारण किया जा रहा है, जबकि गीले कूड़े से कंपोस्ट खाद बनाने की प्रक्रिया भी संचालित है।नगर आयुक्त के अनुसार वर्ष 2018 से पहले जमा हुए लाखों मीट्रिक टन कूड़े को पूरी तरह साफ करने के लिए दीर्घ कालिक कार्ययोजना तैयार की गई है।

इसके तहत टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही निस्तारण कार्य तेज गति से शुरू होगा। उन्होंने दावा किया कि इस योजना के पूरा होने के बाद हल्द्वानी में कूड़ा निस्तारण की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

गौरतलब है कि हल्द्वानी नगर निगम में जिले की अन्य निकायों का कूड़ा भी प्रबंधन के लिए पहुंचता है। वर्तमान में ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रतिदिन करीब 220 मीट्रिक टन कूड़ा आता है, जिसके वैज्ञानिक निस्तारण की दिशा में निगम लगातार प्रयास कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता