सीएम से वार्ता विफल, पहली सितम्बर से आंदाेलन काे नई धार देगी समिति
नई टिहरी, 25 अगस्त (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति का बेमियादी आंदोलन जारी है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ समिति की बैठक बेनतीजा रही। हालांकि सीएम ने समिति को आश्वस्त किया था कि जनभावना और टिहरी विधायक के प्रस्ताव पर नई टिहरी में ही मेडिकल कॉलेज बनेगा। लेकिन लिखित आश्वासन न मिलने पर समिति ने आंदोलन स्थगित नहीं किया।
मंगलवार को बौराड़ी में पत्रकार वार्ता करते हुए समिति के संयोजक डॉ. आरबी गोदियाल, महीपाल नेगी, चंडी प्रसाद डबराल, टीएस पुंडीर और पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि देहरादून में हुई बैठक में न तो स्वास्थ्य मंत्री और न ही विभागीय सचिव मौजूद थे। जिससे बैठक के मिनट्स भी नहीं बने। यह सिर्फ औपचारिक बैठक साबित हुई। हालांकि समिति ने सीएम का आभार जताया कि उन्होंने नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाने की प्रतिबद्धता जताई। समिति ने फिपल्टी में स्वास्थ्य मंत्री की ओर से जमीन चिन्हित किए जाने के सवाल पर सीएम ने कुछ नहीं कहा।
बताया कि 31 अगस्त तक अन्य जगह के प्रस्ताव पर रोक और मामले में डीपीआर जमा होने के बाद अग्रिम प्रक्रिया पर स्पष्ट आदेश नहीं लिया गया तो 1 सितम्बर से क्रमिक अनशन सहित अन्य विकल्प के अनुसार आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने कहा कि टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने सीएम और समिति की बैठक को हल्के में लिया, जिसके चलते यह स्थिति हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी