पटाखा साइलेंसर वाली बाइकों पर श्रीनगर पुलिस का शिकंजा, तीन बाइक सीज
पौड़ी गढ़वाल, 10 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और सड़क सुरक्षा को लेकर श्रीनगर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने रेट्रो एवं मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन बाइक सीज की हैं।
पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान ऐसे वाहन चालकों को पकड़ा, जिनकी बाइकों में नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। इन साइलेंसर से तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकलने के कारण सड़क पर अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। इसके अलावा तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सात चालकों के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ी चालानी कार्रवाई की।
श्रीनगर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साइलेंसर का प्रयोग करें और सड़क पर स्वयं के साथ-साथ दूसरे लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह