तहसील और एस डीएम दप्तर में डीएम रयाल का औचक छापा मचा हड़कंप
हल्द्वानी , 30 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को हल्द्वानी तहसील में अचानक छापा मारकर कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से तहसील परिसर में कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले नजारत कार्यालय का निरीक्षण किया और वहां रखी फाइलों का बारीकी से अवलोकन किया। बताया जा रहा है कि डीएम अपने मोबाइल में संबंधित फाइलों का पूरा डाटा लेकर पहुंचे थे और उसी के आधार पर अभिलेखों का मिलान करते हुए लंबित मामलों की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान कई फाइलें लंबित मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए।तहसील कार्यालय के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पेंडिंग फाइलों की जांच की और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। डीएम के औचक निरीक्षण से पूरे तहसील और एसडीएम कार्यालय में दिनभर हलचल का माहौल बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता