टिहरी झील परिक्षेत्र में उपलब्ध भूमि का करें सर्वेक्षण व सत्यापन
नई टिहरी, 18 नवंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में टिहरी झील मास्टर प्लान के संबंध में कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। जिसमें टिहरी झील से जुड़े गांवों व आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के अलावा पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार के अवसर विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बुधवार को बैठक में डीएम नितिका ने कहा कि टिहरी झील में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। झील से जुड़े क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को सुनियोजित ढंग से विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके तहत पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं, साहसिक पर्यटन गतिविधियों के विस्तार व स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग की संभावनाओं को शामिल किया जाए।
निर्देश दिए कि टिहरी झील से जुड़े क्षेत्रों में उपलब्ध भूमि का राजस्व विभाग, टीएचडीसी, पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से सर्वेक्षण व सत्यापन करें। भूमि का खसरेवार विवरण जुटाने के साथ ही पुराने राजस्व अभिलेखों का भी परीक्षण किया जाए, ताकि भूमि के स्वामित्व एवं उसकी वास्तविक स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी नितिका ने कहा कि भूमि की सटीक जानकारी प्राप्त होने के बाद शासन को प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने उपलब्ध भूमि को उसकी श्रेणी के अनुसार अलग-अलग प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। जिससे पर्यटन विकास की कार्ययोजना तैयार करते समय भूमि की वास्तविक स्थिति का स्पष्ट आकलन किया जा सके। बैठक में टीएचडीसी के जीएम विजय सहगल, जिला पर्यटन अधिकारी एसएस राणा, ईई पुनर्वास शक्ति प्रसाद चमोली, तहसीलदार धीरज राणा मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी