सेवानिवृत्ति पर पैतृक गांव पहुंचे सब-लेफ्टिनेंट भंडारी का किया भव्य स्वागत
नई टिहरी, 20 सितंबर (हि.स.)। भारतीय सेना में सब-लेफ्टिनेंट महावीर सिंह भंडारी का सेवानिवृत्ति के बाद पैतृक गांव खाड़ी के सुनार कोट पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।
पूर्व सैनिकों की ओर से आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण और पूर्व सैनिकों ने शिरकत की। रविवार को सुनार कोट गांव में सब-लेफ्टिनेंट महावीर सिंह भंडारी का सेवानिवृत्ति के बाद गांव पहुंचने पर अभूतपूर्व स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि शौर्य-वीर चक्र विजेता व सरकार में दायित्वधारी कर्नल (सेनि) अजय कोठियाल ने भंडारी को माला और शॉल भेंट कर स्वागत किया।
कर्नल कोठियाल ने कहा कि यह गौरव का क्षण है। कहा कुजणी क्षेत्र राजशाही के समय से ही शौर्य और पराक्रम में अग्रणी स्थान पर रहा है। कहा कि इससे बड़ा गौरव क्या हो सकता है कि एक ही माता-पिता के के दो पुत्र एक ही समय सेना में सब-लेफ्टिनेंट बने और लगभग एक ही समय सेवानिवृत हो रहे हैं। महावीर सिंह के छोटे भाई कुलबीर सिंह भंडारी भी सेना में सब-लेफ्टिनेंट हैं और अगले माह सेवानिवृत्त होंगे।
उनके पिता सत्ये सिंह भंडारी भी सैनिक रहे हैं। समारोह संयोजक हवलदार विक्रम सिंह भंडारी, बचन सिंह भंडारी, अतर सिंह सजवाण, मेहर सिंह सजवाण, युद्धवीर सिंह भंडारी आदि पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने कहा कि पूरे क्षेत्र में एक परिवार से एक सैनिक सेना में सेवाएं दे रहा है। इस मौके पर पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष संजय रावत, देव सिंह पुंडीर, इंद्र सिंह नेगी, सोमवारी लाल सकलानी, सोबन सिंह भंडारी, सतवीर सज्वाण विनोद राणावत, धर्मेंद्र चौहान, बेताल सिंह, मदन सिंह, नरेंद्र रमोला, राजवीर सिंह भंडारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी