अंतर-विद्यालय भक्ति गायन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिखेरा सुरों का जादू
नैनीताल, 30 मई (हि.स.)। नगर के अयारपाटा क्षेत्र में स्थित श्री अरबिंदो आश्रम वन निवास में श्री अरबिंदो अवशेष प्रतिष्ठापन दिवस के वार्षिक समारोह के अंतर्गत शनिवार को अंतर-विद्यालय भक्ति गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर भक्ति संगीत की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता में सेंट जॉन विद्यालय, नरेंद्र अजय साह जगाती सरस्वती विद्या मंदिर, राष्ट्रीय शहीद सैनिक स्मारक विद्यापीठ, चेतराम साह ठुलघरिया इंटर कॉलेज, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय तथा लॉन्ग व्यू पब्लिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर एकल तथा समूह गायन श्रेणियों में आयोजित की गयी। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं स्वागत भाषण के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने विभिन्न भक्ति गीत प्रस्तुत कर अपनी संगीत प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन संगीतज्ञ लोकेश जोशी एवं हिमांशु जोशी ने किया।
उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, संगीत कौशल एवं आत्मविश्वास की सराहना की। प्रतियोगिता में वरिष्ठ गायन वर्ग में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय प्रथम तथा लॉन्ग व्यू पब्लिक विद्यालय द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं कनिष्ठ समूह गायन में सेंट जॉन विद्यालय ने प्रथम, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय ने द्वितीय तथा लॉन्ग व्यू पब्लिक विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि कनिष्ठ एकल गायन वर्ग में लॉन्ग व्यू पब्लिक विद्यालय प्रथम, सेंट जॉन विद्यालय द्वितीय तथा भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय तृतीय स्थान पर और वरिष्ठ एकल गायन वर्ग में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद नैनीताल की अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किये।
इस अवसर पर सभासद मनोज साह जगाती भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए संगीत को आत्म-अभिव्यक्ति एवं आध्यात्मिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। आयोजकों ने प्रतिभागी विद्यालयों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी