पुरोला में छात्रों ने महाविद्यालय में की तालाबंदी

 


उत्तरकाशी, 10 सितंबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय पुरोला में विभिन्न मांगों को लेकर गत 11 दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रें ने अब उग्र आंदोलन शुरू कर दिया है। गुरुवार को 11वें दिन भी जब उनकी मांगो पर कोई सुनवाई नही हुई तो छात्रों ने महाविद्यालय के गेट पर तालाबंदी की और उच्च शिक्षा मंत्री के विरूद्ध जमकर प्रदर्शन किया।

गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय के सभी छात्र परिसर में एकत्रित हुए और कालेज के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी। इस दौरान छात्रों ने सरकार और उच्च शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र मांगें पूरी करने की मांग की। छात्रों का कहना था कि कई दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। जिससे उन्हें आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। महाविद्यालय में छात्रों का आंदोलन पिछले 11 दिनों से लगातार जारी है। इससे पूर्व छात्र शिक्षा मंत्री को रक्त से लिखा पोस्टर जारी कर चुके हैं तथा अभिभावक संघ भी उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर छात्रों की मांगों के समर्थन में शीघ्र कार्रवाई की मांग कर चुका है।

गुरुवार को प्रर्शन करने वालों में अध्यक्ष गोविन्द सिंह चौहान सहित प्रीतम कैन्तुरा, सलौनी राठौर, अमृता रावत, रितिक चुनार महिदेव, मुकेश , आयुष पंवार , रुक्मणी रावत , मनोज , आयुष कुमार सहित दर्जनों छात्र उपस्थित रहे।

1

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल