राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के तहत नैनीताल में होगा देशभक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन

 

नैनीताल, 14 जुलाई (हि.स.)। संगीत नाटक अकादेमी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव-2026 के अंतर्गत 15 जुलाई को पूरे देश में एक साथ देशभक्ति पर आधारित नाटकों का मंचन किया जाएगा। वंदे मातरम् राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष महोत्सव में नैनीताल में भी प्रयोगांक संस्था की ओर से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया जाएगा।

महोत्सव का आयोजन 15 जुलाई 2026 को सायं 6 बजे देशभर के लगभग 150 स्थानों पर एक साथ किया जाएगा। यह तिथि महाकवि कालिदास की जयंती भी है, जिसके माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभाव को एक साथ श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। महोत्सव में देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में 39 से अधिक भाषाओं और बोलियों में लगभग 150 नाटकों का मंचन चार हजार से अधिक रंगकर्मियों द्वारा किया जाएगा। साथ ही आधुनिक रंगमंच के साथ-साथ लोकनाट्य, पुतुल नाटक और नुक्कड़ नाटकों की भी प्रस्तुतियां होंगी।

इस अवसर पर नैनीताल की सांस्कृतिक संस्था प्रयोगांक द्वारा भी 15 जुलाई को सायं 6 बजे मल्लीताल स्थित मल्लीताल श्रीराम सेवक सभा के प्रांगण में देशभक्ति की भावना पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी