उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय का पहला सत्र 29 अगस्त से, 122 पदों पर होगी सीधी भर्ती
देहरादून, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुरू होगा। प्रदेश कैबिनेट द्वारा विश्वविद्यालय के संचालन के लिए 122 पदों के सृजन को मंजूरी दिए जाने के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रेखा आर्या ने कहा कि 29 अगस्त को देव पूजन के साथ विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के लिए 122 नए पदों के सृजन को कैबिनेट की महत्वपूर्ण मंजूरी बताते हुए कहा कि इन पदों पर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सीधी भर्ती की जाएगी। भर्ती के लिए जल्द ही आधिकारिक विज्ञप्ति जारी की जाएगी।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के इन पदों पर भर्ती से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
खेल मंत्री ने कहा कि 29 अगस्त का दिन उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक होगा। खेल विश्वविद्यालय प्रदेश की खेल संस्कृति को नया आयाम देने के साथ ही युवाओं और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि संस्थान में खिलाड़ियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय