जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के अधिकांश आवेदन समय पर निस्तारित

 


नैनीताल, 1 दिसंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए समयबद्ध निस्तारण के दिए गए निर्देशों का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। विशेष रूप से सेवा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर तेजी से कार्य करते हुए प्रमाणपत्रों एवं अनुमतियों का निर्गमन सुनिश्चित किया जा रहा है।

पंचायतीराज विभाग द्वारा जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेश बेनी के अनुसार 1 नवंबर से 29 नवंबर तक जन्म प्रमाणपत्र के 340 आवेदनों के सापेक्ष 431 प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं और केवल 8 आवेदन लंबित हैं। इसी अवधि में मृत्यु प्रमाणपत्र के 297 आवेदनों के सापेक्ष कुल 328 प्रमाणपत्र निर्गत किए गए।

इसके अतिरिक्त 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक जिले के सभी विकास खंडों में जन्म प्रमाणपत्र के 5523 आवेदनों का पूर्ण निस्तारण किया जा चुका है, जबकि मृत्यु प्रमाणपत्र के 2775 आवेदनों में से 2329 प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बाद विभाग द्वारा त्वरित सेवा उपलब्ध कराना जनता के लिए राहत का विषय बना है और प्रशासनिक दक्षता में यह सुधार महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी