सप्ताहांत पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल के लिए विशेष यातायात योजना लागू, मोहर्रम पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध

 


नैनीताल, 26 जून (हि.स.)। सप्ताहांत के दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन योजना लागू की है। वहीं मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर ड्रोन निगरानी, रात्रिकालीन सघन जांच और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जारी यातायात योजना के अनुसार अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं के भारी वाहन निर्धारित मार्ग से संचालित होंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर मस्जिद तिराहा, भवाली से रोका जाएगा अथवा रामगढ़ एवं खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा।

भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग तथा गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

दूसरी ओर मोहर्रम के दृष्टिगत हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मल्लीताल, भीमताल, लालकुआँ, कालाढूंगी और रामनगर सहित संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। देर रात से प्रातः तक विशेष जांच अभियान चलाया गया है तथा कंट्रोल रूम से जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है।

थाना प्रभारियों ने ताजिया समितियों एवं आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित किया है तथा श्ऑपरेशन क्लीन स्वीपश् के अंतर्गत प्रमुख धार्मिक स्थलों की जांच कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी