विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ, मतदाताओं को घर-घर वितरित किये जा रहे गणना प्रपत्र

 




नैनीताल, 08 जून (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम प्रारंभ हो गया है। इसके अंतर्गत सोमवार से नैनीताल जनपद में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने का कार्य शुरू कर दिया है।

अभियान का औपचारिक शुभारंभ उत्तराखंड लोक भवन नैनीताल में हुआ, जहां उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया।

अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता विवरणों का सत्यापन और अद्यतन कार्य करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य निर्वाचन नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किये जा सकें।

इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, राज्यपाल की अपर सचिव रीना जोशी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय तथा उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक उपस्थित रहे। एक अन्य घटनाक्रम में आज नैनीताल छावनी परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी तनु सेठ ने भी लोक भवन में राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी