महामंडलेश्वर स्वामी सत्यदेव की 22वीं पुण्यतिथि पर संस्कृत वेद विद्यालय का शुभारंभ

 


हरिद्वार, 07 मई (हि.स.)। श्री अवधूत मंडल आश्रम बाबा हीरादास हनुमान मंदिर, ज्वालापुर के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने अपने गुरु महामंडलेश्वर स्वामी सत्यदेव महाराज की 22वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनकी स्मृति में “स्वामी सत्यदेव संस्कृत वेद विद्यालय” का शुभारंभ कराया। विद्यालय में कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को संस्कृत एवं वेद शिक्षा प्रदान की जाएगी।

गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने फीता काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि संस्कृत और वेद शिक्षा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा ऐसे विद्यालय नई पीढ़ी को संस्कार और आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने कहा कि स्वामी सत्यदेव महाराज का जीवन सेवा, साधना और धर्म प्रचार को समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा दे रहे हैं।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, कुलपति रमाकांत पांडेय, आईएएस सचिन कुर्वे, आईएएस विनय शंकर पाण्डेय, आईआरएस अजय केसरी, आईपीएस राजकुमार सिंह, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मेलाधिकारी सोनिका, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मेयर किरण जैसल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम में साध्वी नेहा आनंद, बाबा बालक दास, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी शिवानंद, आचार्य विष्णु दत्त राकेश, स्वामी श्यामदास महाराज सहित अनेक संत-महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं षोड़सी भंडारे ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला