ट्रेवल्स व्यवसाईयों ने की परिवहन मंत्री बत्रा से मुलाकात
हरिद्वार, 27 मार्च (हि.स.)। हरिद्वार लग्जरी कोचस वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से मुलाकात कर आगामी चारधाम यात्रा के दौरान सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
इस दौरान ट्रेवल्स व्यवसायी राकेश गोयल ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की पंजीकरण सीमा कोविड-19 के समय भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लागू की गई थी, लेकिन वर्तमान में परिस्थितियां सामान्य होने के बावजूद यह सीमा अभी भी जारी है। उन्होंने मांग की कि पंजीकरण की इस सीमा को समाप्त किया जाए। उनका कहना था कि देश के अन्य किसी भी बड़े मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पर इस प्रकार का प्रतिबंध नहीं है, इसलिए चारधाम यात्रा में भी इसे हटाया जाना चाहिए।
वहीं ट्रेवल्स व्यवसायी हरमोहन सिंह बबली ने मांग रखी कि अधिकृत ट्रैवल कंपनियों को भी पंजीकरण करने का अधिकार दिया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पंजीकरण केंद्र सीमित समय के लिए ही खुले रहते हैं, जिसके कारण कई पर्यटकों को समय पर पंजीकरण कराने में परेशानी होती है। इसलिए सभी पंजीकरण केंद्रों को 24 घंटे खुला रखने की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके।
ट्रेवल्स व्यवसायियों की बातों को सुनने के बाद परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला