लक्सर चीनी मिल का पहला नोटिस जारी, 13 मार्च तक पेराई योग्य गन्ना आपूर्ति करने की अपील
हरिद्वार, 08 मार्च (हि.स.)। राय बहादुर नारायण सिंह शुगर मिल, लक्सर ने चालू पेराई सत्र 2025-26 को लेकर किसानों के नाम पहला नोटिस जारी किया है। मिल प्रबंधन ने गन्ना विकास समितियों और क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि जिन किसानों के खेतों में पेराई योग्य गन्ना अभी खड़ा है, वे उसे 13 मार्च 2026 तक मिल को उपलब्ध करा दें।
मिल प्रबंधन के अनुसार पिछले कुछ दिनों से मिल के बाह्य क्रय केंद्रों पर डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों के माध्यम से गन्ने की आपूर्ति हो रही है। इसके बावजूद क्षेत्र में अभी भी काफी मात्रा में पेराई योग्य गन्ना खेतों में खड़ा है। गन्ने की पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण मिल को पूरी क्षमता से संचालन के बावजूद प्रतिदिन लगभग 10 से 12 घंटे तक गन्ने के अभाव में बंद रहना पड़ रहा है।
मिल ने किसानों को आगाह किया है कि यदि खेतों में खड़ा गन्ना समय पर नहीं काटा गया तो उसके सूखने की आशंका बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में किसानों को मजबूरी में गन्ने को चारे या अन्य उपयोग में लगाना पड़ सकता है, जिससे आर्थिक नुकसान होने की संभावना है।
मिल प्रबंधन ने किसानों व गन्ना विकास समितियों से कहा है कि वे क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को समय पर गन्ना आपूर्ति के लिए जागरूक करें, ताकि किसानों को नुकसान न हो और मिल का संचालन सुचारु रूप से चलता रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला