नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
हरिद्वार, 27 मई (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर बुधवार को हरिद्वार स्थित ऋषिकुल कार्यालय में कांग्रेस के महानगर अनुसूचित विभाग द्वारा श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर अनुसूचित विभाग के महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव और वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी ने कहा कि पंडित नेहरू दूरदर्शी एवं सभी धर्मों का सम्मान करने वाले नेता थे। उन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखने में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। नेताओं ने कहा कि नेहरू ने उद्योगों, बांधों और बिजली परियोजनाओं को आधुनिक भारत के मंदिर बताया था और आत्मनिर्भर भारत की सोच को मजबूती दी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और रवीश भटीजा ने कहा कि आजादी के बाद देश को गरीबी, अशिक्षा और भुखमरी जैसी चुनौतियों से उबारने के लिए पंडित नेहरू ने विज्ञान और तकनीक को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में आईआईटी, आईआईएम, इसरो और भेल जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना हुई। साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी विशेष कार्य किए गए।
यूथ कांग्रेस के महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर और युवा नेता समर्थ अग्रवाल ने कहा कि पंडित नेहरू विविधता में एकता और धर्मनिरपेक्षता के मजबूत पक्षधर थे। उन्होंने भारत में लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत किया और सभी धर्मों, जातियों एवं संस्कृतियों के लोगों को समान अधिकारों के साथ जीने का संदेश दिया।
श्रद्धांजलि सभा में पप्पू राम, जावेद आलम, जवाहर चावला, दिनेश चंद गुप्ता, दीपक शर्मा, विशाल शर्मा, आकाश कटारिया, गुलशन कुमार, कमल, शिवम वाल्मीकि, राजबीर और नौशाद सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला