पेंशनर्स संगठन की बैठक में चुनाव प्रक्रिया पर उठा विवाद, नियम विरुद्ध सभा को बताया अवैध
हरिद्वार, 20 मई (हि.स.)। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की जनपद हरिद्वार इकाई की बैठक कृषि उत्पादन मंडी समिति सभागार में जिलाध्यक्ष बी पी चौहान की अध्यक्षता एवं जिला महामंत्री जे पी चाहर के संचालन में संपन्न हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर 9 जून को रुड़की में प्रस्तावित सभा को नियमों के विपरीत एवं अवैध करार दिया गया। साथ ही इस संबंध में शिकायत उपनिबंधक, फर्म सोसाइटी एवं चिट्स सहित संबंधित अधिकारियों को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ प्रांतीय पदाधिकारी संस्था को अपदस्थ करने की नीयत से बायलॉज के विपरीत कार्य कर रहे हैं। पेंशनर्स ने उप निबंधक के पर्यवेक्षण में निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग करते हुए विधिवत चुनाव होने तक निवर्तमान कार्यकारिणी एवं कोष की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग भी उठाई।
जिला महामंत्री जे पी चाहर ने बताया कि बैठक में प्रांतीय संरक्षक राम कुमार अग्रवाल, प्रांतीय कोषाध्यक्ष एम के अग्रवाल, क्षेत्रीय पर्यवेक्षक वी के गुप्ता तथा जोनल उपाध्यक्ष एल सी पाण्डेय सहित कई प्रांतीय पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
इस अवसर पर चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पेंशनर एस पी चमोली का अभिनंदन किया गया दिवंगत साथियों शिव कुमार शर्मा एडवोकेट एवं धर्मवीर माथुर को भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। बैठक के अंत में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में बी पी सिंह सैनी, सुखवंश सिंह, भूपेंद्र सिंह, एच सी पाण्डेय, आर के जोशी, मंजू सिंह, रामसरीख, रमेश पंत, मुकुल पाण्डेय, अतर सिंह, ममता बहुगुणा, विजयलक्ष्मी पोखरियाल, अरविंद कश्यप, विमलेश शर्मा, कुंअर सिंह, रमेश कुमार, रेशम सिंह एवं एस पी चमोली सहित अनेक पेंशनर्स उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला