पतंजलि योगग्राम में मोटापा प्रबंधन सप्ताहभर का योग-प्राकृतिक चिकित्सा शिविर शुरू

 


हरिद्वार, 24 फ़रवरी (हि.स.)। जीवनशैली जनित रोगों के समग्र एवं प्राकृतिक उपचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरिद्वार स्थित पतंजलि योगग्राम में मोटापा प्रबंधन के लिए एक सप्ताह का योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। यह कार्यक्रम केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा प्रायोजित है, जो आयुष मंत्रालय के अधीन कार्यरत है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि स्वामी आर्यदेव ने बढ़ते मोटापे और जीवनशैली से उत्पन्न रोगों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि योग, प्राकृतिक आहार और संयमित दिनचर्या ही स्वस्थ जीवन का मूल आधार हैं।

चिकित्सकीय पर्यवेक्षण में संचालित इस कार्यक्रम में चिकित्सीय योगाभ्यास, प्राकृतिक चिकित्सा उपचार, संतुलित आहार व्यवस्था, शोधन प्रक्रियाएं तथा जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन शामिल हैं। शिविर में कुल 32 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षित एवं क्रमिक रूप से वजन नियंत्रण के साथ-साथ चयापचय स्वास्थ्य, शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक संतुलन में सुधार लाना है।

पतंजलि विश्वविद्यालय के प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान संकाय के 47 छात्र शिविर में उपचार सहयोग, अवलोकन और अभिलेखीकरण कार्य में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यह कार्यक्रम 27 फरवरी को सम्पन्न होगा।

कार्यक्रम में डायरेक्टर, फैकल्टी ऑफ नेचुरोपैथी एंड यौगिक साइंसेज डॉ. अनिल वर्मा, डीन डॉ. तोरण सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. कनक सोनी सहित डॉ. सुमनलता, डॉ. ललित कुमार और डॉ. स्वाति सहित अन्य फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला