अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ज्वालापुर कोतवाली में महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान

 


हरिद्वार, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोतवाली ज्वालापुर में महिला पुलिसकर्मियों को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और कठिन परिश्रम के लिए सम्मानित किया गया।

रविवार को प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर एवं सहयोगी स्टाफ ने थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि महिला पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे दिन-रात ड्यूटी निभाने के साथ-साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियों को भी बखूबी संभालती हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।

इस अवसर पर कोतवाली में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति और सम्मान देकर उनके कार्यों की सराहना की गई। सम्मान मिलने पर महिला पुलिसकर्मियों ने प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर और वरिष्ठ उपनिरीक्षक का आभार व्यक्त किया।

महिला पुलिसकर्मियों ने आश्वासन दिया कि थाना क्षेत्र में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी और महिलाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस हमेशा तत्पर रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला