शिविर में 50 यूनिट रक्त संग्रहित
हरिद्वार, 22 मार्च (हि.स.)। समाज सेवा को अपना धर्म मानते हुए ज्वालापुर पुलिस ने आओ करें रक्तदान - किसी की बचेगी जान अभियान के तहत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। यह शिविर ज्वालापुर को उत्तराखण्ड की सर्वश्रेष्ठ कोतवाली का खिताब मिलने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्वालापुर तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार की पहल पर आज आयोजित इस शिविर में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर, कोतवाली ज्वालापुर में तैनात अधिकारी व कर्मचारियों के साथ-साथ मीडिया कर्मी, ज्वालापुर क्षेत्र के नागरिक और अन्य स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया इस दौरान कुल 50 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया, जिससे 50 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के इलाज और उनकी जान बचाने में सहायक होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला