पानी की टंकी में निकले दर्जनों सांप के बच्चे, परिवार में दहशत
हरिद्वार, 09 जून (हि.स.)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सराय ग्राम में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक मकान की पानी की टंकी में बड़ी संख्या में सांप के बच्चे दिखाई दिए। टंकी के अंदर दर्जनों सांपों को रेंगते देख परिवार के लोगों के होश उड़ गए और पूरे घर में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर के सदस्य पानी की टंकी की जांच कर रहे थे। इसी दौरान जब उन्होंने टंकी के भीतर झांका तो वहां कई सांप के बच्चे घूमते हुए दिखाई दिए। अचानक इतनी बड़ी संख्या में सांपों को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। टंकी के भीतर सांपों की संख्या देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और लोगों की भीड़ घर के बाहर जुटने लगी।
घटना की जानकारी वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगल में छोड़ा। इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं कई ग्रामीणों ने अपने घरों की पानी की टंकियों और आसपास के स्थानों की जांच भी शुरू कर दी है, ताकि किसी संभावित खतरे से बचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला