जीबीपीआईईटी के छह छात्रों का केईआई इंडस्ट्रीज़ में हुआ चयन
पौड़ी गढ़वाल, 30 जुलाई (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी घुड़दौड़ी के छह छात्रों का देश की प्रतिष्ठित केईआई इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड में 4.20 लाख वार्षिक वेतन पैकेज पर चयन हुआ है। इस सफलता से संस्थान में खुशी का माहौल है। चयनित छात्रों में आशमित राणा, हिमांशु रत्ना, निखिल सैनी, दुव्यांशु बिष्ट, भावेश तिवारी और साहिल भंडारी शामिल हैं। सभी छात्रों ने कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की। संस्थान के निदेशक डा. वीके बंगा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर प्रशिक्षण और मजबूत प्लेसमेंट व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्र उद्योग जगत में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
डीन (प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट) डा. कमलजीत सिंह भाटिया ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डा. संजय गैरोला, डा. एमके अग्रवाल ने भी चयनित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्लेसमेंट अभियान के सफल संचालन में विभागीय प्लेसमेंट समन्वयक डा. सचिन नेगी, डा. पुष्कर परवीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह