पौड़ी के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन
पौड़ी गढ़वाल, 16 नवंबर (हि.स.)। जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जिले के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणन प्रदान किया गया है। इन केंद्रों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं से जुड़े निर्धारित 12 मानकों पर खरा उतरते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन मिलने से इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, पूर्ण टीकाकरण, बाल स्वास्थ्य देखभाल तथा गंभीर एवं पुरानी बीमारियों की स्क्रीनिंग सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही प्रत्येक प्रमाणित उपकेंद्र को दो लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस धनराशि का उपयोग केंद्रों में आवश्यक संसाधनों, दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा।
स्वास्थ्य उपकेंद्र बिशल्ड की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर मोनिका रावत ने बताया कि प्रमाणन मिलने से केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। यहां पहले से ही ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रोत्साहन राशि से आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों को बढ़ाया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। एएनएम मेनका ने बताया कि प्रमाणन के बाद केंद्र में दवाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इससे ग्रामीणों को सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं और जरूरी जांच के लिए दूर स्थित बड़े अस्पतालों तक जाने की आवश्यकता कम होगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि जनपद के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों को पूरा कर प्रमाणन हासिल किया है। इन केंद्रों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि से उपलब्ध सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसका उद्देश्य विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह