अवैध वसूली को लेकर जनता लामबंद

 


गुप्तकाशी, 28 मई (हि.स.)। केदार धाम होटल ओनर्स एसोसिएशन के बैनर तले सीतापुर में स्थानीय व्यापारियों ने पार्किंग स्थल पर कथित अवैध वसूली रोकने तथा पार्किंग टेंडर को एक वर्षीय किए जाने की मांग को लेकर उग्र आंदोलन शुरू कर दिया । आंदोलन के समर्थन में व्यवसायियों ने सीतापुर बाजार भी बंद किया।

इस दौरान व्यापारियों ने जटाधारी चौक से सीतापुर पार्किंग तक विशाल रैली निकालकर पार्किंग संचालक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पार्किंग स्थल पर आयोजित सभा में संगठन के सचिव मनोज सेमवाल ने कहा कि विगत कई दिनों से क्षेत्रीय विधायक आशा नौटियाल जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को उक्त मांगों के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब संगठन के पदाधिकारी और सदस्य पार्किंग स्थल पहुंचे तो अंदर के सभी दरवाजे बंद थे, और तीर्थ यात्री गंदगी के बीच बैठने को मजबूर थे। गर्मी और अव्यवस्थाओं को देखते हुए आंदोलनकारियों ने मौके पर पहुंचकर सभी दरवाजे खुलवाए।

आंदोलन के समर्थन में सीतापुर बाजार भी बंद रहा। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन दोनों प्रमुख समस्याओं — अवैध वसूली पर रोक और पार्किंग व्यवस्था में सुधार — का समाधान नहीं करता, तब तक बाजार बंद रहेगा।

संगठन के पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद गोस्वामी ने कहा कि सीतापुर में संचालित पार्किंग को केवल पार्किंग के रूप में ही उपयोग किया जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्किंग संचालक तीर्थ यात्रियों से जबरन 200 रुपये वसूल कर उन्हें ठहराने का कार्य कर रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कई बार पार्किंग परिसर में बने शौचालय बंद रहते हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस अवसर पर अंकित गैरोला, नरेंद्र गोस्वामी, कल्पेश चौहान समेत सभी व्यापारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन