एसआईआर कार्य अंतिम चरण में, प्रपत्रों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
पौड़ी गढ़वाल, 23 अगस्त (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक जानकारी और दस्तावेज जुटा रहे हैं।
एसआईआर के प्रथम चरण में टेबल टॉक के माध्यम से वर्ष 2003 से 2025 तक के मतदाता विवरण का मिलान किया गया। दूसरे चरण में बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाए, जबकि तीसरे चरण में नाम अथवा विवरण में विसंगतियां पाए जाने पर उनके निराकरण के लिए संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए।
बीएलओ ललिता रावत ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जा रहा है। वहीं बीएलओ रिंकी रावत ने बताया कि दस्तावेज अपूर्ण पाए जाने वाले मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज पूरे करवाए जा रहे हैं, ताकि पुनरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की समस्या न रहे।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एसआईआर कार्यों की नियमित निगरानी कर रही हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक सप्ताह बैठक कर प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न कराने वाले मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने का दूसरा अवसर दिया जा रहा है।
सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर से संबंधित कार्यों को पूरा कर रहे हैं।
इसके साथ ही नो-मैपिंग वाले मामलों की भी समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एसआईआर प्रपत्रों का निस्तारण निर्धारित प्रारूप, आवश्यक सत्यापन और पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए।
उन्होंने कहा कि एसआईआर में केवल कार्य की संख्या बढ़ाने पर ध्यान न देकर प्रत्येक प्रपत्र की शुद्धता और निर्धारित प्रक्रिया के सही अनुपालन को प्राथमिकता दी जाए। पात्र मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे करते हुए पुनरीक्षण प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से संपन्न कराया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह