जन संवाद कार्यक्रम में सिलकाेटी के ग्रामीणाें ने उठाई पेयजल, सड़क की समस्याएं
नई टिहरी, 22 अगस्त (हि.स.)। चंबा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिलकोटी में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में सुरकंडा पेयजल योजना के टैंक से पानी का समान वितरण न होने पर ग्रामीणों ने आक्रोश प्रकट किया। उन्होंने गांव में जल्द दूसरा टैंक जल्द बनाने की मांग की। वहीं आराकोट-वाल्काखाल मोटर मार्ग का डामरीकरण करने, कटियाखाल से सैंण नामे तोक तक दो किमी सड़क निर्माण, भनवाणियों नामे तोक से कुआं का खाला नामे तोक तक सड़क निर्माण की मांग की।
शनिवार को सिलकोटी के पूर्व प्रधान देव सिंह पुंडीर की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि सुरकंडा पेयजल योजना का एक ही टैंक होने के कारण क्षेत्र में पानी का वितरण ठीक ढंग से नहीं हो पा रहा है। कई घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। समस्या समाधान के लिए उन्होंने दूसरा टैंक बनाने की मांग उठाई। मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने कहा कि उक्त मोटर मार्ग उनके कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था और निर्माण के साथ डामरीकरण भी कराया गया था, लेकिन वर्तमान में सड़क काफी खस्ताहाल हो चुकी है। उन्होंने ग्रामीणों को पेयजल और सड़क समस्या समाधान करने का भरोसा दिया। ग्राम प्रधान विनीत पुंडीर ने आराकोट-वाल्काखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण करने की मांग प्रमुखता से उठाई। सड़क पर गड्ढे होने से लोगों को जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी